नेपाल: मनांग जिले की नासों ग्रामीण नगरपालिका-5 में अस्पताल भवन निर्माण का शिलान्यास

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

काठमांडू : नेपाल के गंडकी प्रांत के मनांग जिले की नासों ग्रामीण नगरपालिका-5 में अस्पताल भवन के निर्माण हेतु शनिवार को शिलान्यास किया गया। यह शिलान्यास संयुक्त रूप से नेपाल के काठमांडू स्थित भारत के राजदूतावास के उप मिशन प्रमुख डॉ. राकेश पांडेय तथा नासों ग्रामीण नगरपालिका, मनांग के अध्यक्ष धन बहादुर गुरुङ द्वारा किया गया। यह अस्पताल भवन भारत सरकार की लगभग 5.6 करोड़ नेपाली रुपये की वित्तीय सहायता से निर्मित किया जा रहा है। यह उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना (HICDP) नासों ग्रामीण नगरपालिका, मनांग के माध्यम से कार्यान्वित की जाएगी।

नासों ग्रामीण नगरपालिका के अध्यक्ष तथा अन्य हितधारकों ने भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जा रहे विकासात्मक सहयोग की सराहना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि यह नई स्वास्थ्य सुविधा नासों ग्रामीण नगरपालिका के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।निकटतम पड़ोसी देशों के रूप में भारत और नेपाल व्यापक तथा बहु-क्षेत्रीय सहयोग में संलग्न हैं। उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजनाओं (HICDPs) का कार्यान्वयन नेपाल सरकार के विकास एवं प्रगति संबंधी प्रयासों को सुदृढ़ करने के लिए भारत सरकार के निरंतर सहयोग को दर्शाता है। साथ ही, ये परियोजनाएं प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

Spread the love