By Mustaffa
1.34 करोड़ से अधिक की लागत से बदल जाएगी क्षेत्र की सूरत; उकरीद और उलातू को मिलेंगे आधुनिक सामुदायिक भवन
सब्जी विक्रेताओं के लिए बड़ी घोषणा: जल्द मिलेंगे आधुनिक नमो स्टोर चलते-फिरते ठेले और छतरी
मेसरा (रांची) : केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने ओरमांझी क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देते हुए जनहित से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। कुल 1 करोड़ 34 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली इन योजनाओं का शुभारंभ मंत्री जी ने पारंपरिक रूप से पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा,ये योजनाएं केवल ईंट-पत्थर के भवनों का निर्माण नहीं हैं,बल्कि यह क्षेत्र के लोगों के बेहतर जीवनस्तर,सामाजिक सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की एक मजबूत नींव हैं। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध हैं और ओरमांझी इस दिशा में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। योजनाओं के तहत शंकर चौक,ओरमांझी स्थित दशकर्म घाट के पास 18.65 लाख की लागत से डीप बोरिंग,स्नानागार और शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। इस सौगात से स्थानीय महिलाओं में भारी खुशी है। महिलाओं ने मंत्री जी का आभार जताते हुए कहा कि यह उनकी बरसों पुरानी मांग थी। अब इसके बनने से दसकर्म (श्राद्ध कर्म) व अन्य सामाजिक कार्यों के दौरान आने वाली भारी दिक्कतें हमेशा के लिए दूर हो जाएंगी। इसके अलावा क्षेत्र के सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने के लिए दो बड़े परिसरों का निर्माण किया जा रहा है,उकरीद: 58.95 लाख की लागत से आधुनिक सामुदायिक भवन,डीप बोरिंग और शौचालय का निर्माण। बाबा महाकालेश्वर धाम (उलातू),मंदिर परिसर के पास 56.70 लाख की लागत से एक और भव्य सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य। कार्यक्रम के दौरान रक्षा राज्य मंत्री ने स्थानीय सब्जी विक्रेताओं और ठेला-खुमचा लगाने वालों के लिए एक बड़ी और संवेदनशील घोषणा की। उन्होंने कहा कि कड़कती धूप,हाड़ कंपाने वाली ठंड और भारी बरसात में खुले आसमान के नीचे व्यापार करने वाले छोटे दुकानदारों को जल्द ही आधुनिक चलते-फिरते ठेले-नमो स्टोर-और बड़ी छतरियां उपलब्ध कराई जाएंगी,ताकि वे सम्मान और सुविधा के साथ अपनी आजीविका चला सकें। इस ऐतिहासिक शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे,जिनमें पूर्व सांसद रामटहल चौधरी,पूर्व विधायक रामकुमार पाहन,अमरनाथ चौधरी,मानकी राजेंद्र साही,जिला अध्यक्ष विनय कुमार धीरज,विधायक प्रतिनिधि हरीमोहन महतो,खालिक खान,ललिता मेहता,सत्यनारायण तिवारी,दुर्गा शंकर साहू,चतुर साहु समेत भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और प्रबुद्ध जन शामिल थे।
