लापता सुनिल का अब तक नही मिला कोई सुराग, गांव लौटा साथी
NEWS BY ASHOK ANANT
चतरा टंडवा थाना क्षेत्र के बेदबेड़िया गांव का सुनील कुमार आखिर कहां है? यह सवाल पिछले 27 दिनों से उसके परिजनों को बेचैन किए हुए है। दिल्ली से घर लौटने के दौरान रहस्यमय तरीके से लापता हुए सुनील का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हैरानी की बात यह है कि जिस युवक के साथ वह दिल्ली से निकला था, वह तो सुरक्षित गांव लौट आया, लेकिन सुनील आज भी लापता है। इस पूरे घटनाक्रम ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को लेकर सुनील के मामा विजय भुइयां ने चतरा पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुवे सुनील को ढूंढने में मदद की गुहार लगाई है। आवेदन में गांव के ही एक परिवार पर संदेह जताते हुए कहा गया है कि जमीन विवाद की पुरानी रंजिश कहीं इस रहस्यमयी गुमशुदगी के पीछे की वजह तो नहीं। परिजनों के अनुसार, सुनील कुमार दिल्ली की एक निजी निर्माण कंपनी में कार्यरत था। 4 मई 2026 को वह गांव के ही गुंजन भुइयां उर्फ चमन के साथ कंपनी से निकला था। दोनों ने घर लौटने की बात कही थी, लेकिन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद सुनील अचानक गायब हो गया। बाद में गुंजन गांव लौट आया, मगर सुनील के बारे में उसकी बातें परिजनों के गले नहीं उतर रही हैं। गुंजन का कहना है कि रेलवे स्टेशन पर पैसों की तंगी के कारण सुनील ने अपना मोबाइल बेच दिया था और फिर दोनों अलग हो गए। लेकिन परिवार इस दावे पर सवाल उठा रहा है। उनका कहना है कि यदि ऐसा था तो आखिर सुनील ने घरवालों से संपर्क क्यों नहीं किया और 27 दिन बाद भी उसका कोई पता क्यों नहीं चल सका? मामले को और गंभीर बनाता है दोनों परिवारों के बीच वर्षों पुराना जमीन विवाद। शिकायत में कहा गया है कि अक्टूबर 2025 में भी सुनील के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं। इसी वजह से परिजन इस गुमशुदगी को सामान्य घटना मानने को तैयार नहीं हैं और किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि सुनील के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह घर का इकलौता बेटा और परिवार का एकमात्र सहारा था। मेहनत-मजदूरी कर वह अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। अब उसके अचानक गायब हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का आरोप है कि 11 मई को टंडवा थाना में शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है। सुनील के मामा विजय भुइयां का कहना है कि उन्होंने हर संभव जगह तलाश कर ली, लेकिन भांजे का कोई पता नहीं चल सका। अब पूरे इलाके में एक ही चर्चा है-दिल्ली से निकला सुनील आखिर कहां गायब हो गया? क्या यह सिर्फ गुमशुदगी है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है? इन सवालों का जवाब तलाशना अब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
