सो रहा था चौमिन दुकान का मालिक, साइबर ठग ने अकाउंट कर दिया खाली

Crime

Eksandeshlive Desk

रामगढ़ : साइबर अपराधी ऐसे ऐसे लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं जो रोज ट्रांजैक्शन करते हैं। शहर के झंडा चौक स्थित चाइना टाउन चौमिन दुकान के मालिक प्रमोद कुमार गुप्ता को भी साइबर क्रिमिनल्स ने अपना शिकार बनाया। प्रमोद कुमार गुप्ता दोपहर में खाना खाकर सो रहे थे। इसी दौरान उनके खाते से 1 लाख 63000 रुपये निकल गए। जब प्रमोद की नींद खुली और मोबाइल चेक किया तो देखा कि उनका अकाउंट खाली हो चुका है। अपना मोबाइल देखा तो पता चला कि एसबीआई बैंक अकाउंट से गूगल पे माध्यम से 98 हजार रुपये की अवैध निकासी हुई है।

इसके अलावा दूसरा गूगल पे ट्रांजैक्शन बैंक ऑफ़ बड़ोदा अकाउंट से हुआ जिसमें 65000 रुपये की अवैध निकासी हुई थी। उन्होंने रामगढ़ पुलिस को सूचना दी है। मंगलवार को रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और कार्रवाई की जा रही है। प्रमोद गुप्ता जब रामगढ़ साइबर थाना में पहुंचे तो वहां भी पूरी कहानी बताई। जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उनका मोबाइल हैक हो गया है। उन्होंने मोबाइल फॉर्मेट करने की सलाह दी, ताकि भविष्य में अवैध निकासी ना हो। उन लोगों ने भी कहा कि वह साइबर क्रिमिनल्स को पकड़ने के लिए जांच कर रहे हैं।

Spread the love