दिल्ली के त्रिलोकपुरी में जन सुनवाई में शामिल हुए राहुल गांधी, चार बूथों से 416 नाम हटाने का आरोप

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में ऊपर के स्तर से वोट चोरी की जा रही है और गरीबों के नाम जानबूझकर मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष तब तक अपना आंदोलन जारी रखेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते। राहुल गांधी मंगलवार को यहां त्रिलोकपुरी स्थित ब्लॉक-20 में ‘वोट अधिकार जीने का अधिकार’ जन सुनवाई में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। राहुल ने दावा किया कि जन सुनवाई में सामने आया कि चार बूथों से 416 लोगों के नाम गैरकानूनी तरीके से मतदाता सूची से हटा दिए गए।

राहुल गांधी ने कहा कि वोट देना भारत के हर वयस्क नागरिक का अधिकार है, लेकिन करोड़ों लोगों से यह अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के नाम मतदाता सूची से हटाकर उनके अधिकार और सुविधाएं भी छीनी जा रही हैं।राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवालों का जवाब नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को लंबे समय से उठा रहा है और अब लोग भी समझ रहे हैं कि मतदाता सूची में गड़बड़ी की जा रही है। जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, विपक्ष एकजुट होकर इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता रहेगा। उल्लेखनीय है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्षी दल लगातार चुनाव आयोग से जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस ने 30 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रतीकात्मक महाभियोग जैसी प्रक्रिया आयोजित करने की योजना बनाई है। इसके बाद एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में जनसभा प्रस्तावित है।

Spread the love