तलवार से गला काटकर एक की हत्या, दो सगे भाई गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के निचितपुर में दौलत राम महतो की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घोसकोडीह निवासी त्रिवेणी महतो (52) और सूर्यकांत महतो उर्फ विनोद महतो (48) के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल खून लगा तलवार, बाइक, खून लगा शर्ट और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे दौलत राम महतो राजगंज बाजार जा रहे थे। इसी दौरान निचितपुर के पास दोनों आरोपितों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और तलवार से गर्दन पर वार कर दिया। हमले में उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।

मामले में बरवाअड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक संख्या जेएच10एल-3717 बरामद की है। इसके अलावा, आरोपियों के घर के पीछे स्थित डोभा से खून लगा तलवार मिला। एक आरोपी का खून लगा शर्ट और दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में विद्यापति महतो उर्फ वीडियो, सचिन महतो, भाग्या देवी और पूर्णिमा देवी के नाम भी कथित साजिशकर्ता के रूप में दर्ज हैं। प्राथमिकी में मृतक के परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। छापेमारी दल में बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मीनू कुमारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Spread the love