नेपाल : विद्यालय एवं पुस्तकालय भवन निर्माण का शिलान्यास

INTERNATIONAL

Ashutosh Jha

काठमांडू : नेपाल के मधेश प्रदेश के रौतहट जिले की राजदेवी नगरपालिका-4 स्थित श्री प्राथमिक विद्यालय के विद्यालय एवं पुस्तकालय भवन निर्माण का शिलान्यास मंगलवार को भारत के महावाणिज्य दूतावास, बीरगंज के महावाणिज्य दूत देवी सहाय मीणा तथा राजदेवी नगरपालिका के मेयर भिखारी प्रसाद यादव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। राजदेवी नगरपालिका-4 स्थित श्री प्राथमिक विद्यालय के विद्यालय भवन का निर्माण भारत सरकार की लगभग 2.84 करोड़ नेपाली रुपये (एनआरएस 28.4 मिलियन) की वित्तीय सहायता से किया जा रहा है।

नई अवसंरचना के अंतर्गत सीढ़ी कवर सहित दो-मंजिला भवन, आठ कक्षाएं (प्रत्येक मंजिल पर चार), बालकों एवं बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय, सेप्टिक टैंक, सोख्ता गड्ढा, ट्यूबवेल, स्वच्छता संबंधी कार्य, विद्युत कार्य तथा अन्य सहायक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यह परियोजना उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना (HICDP) के अंतर्गत क्रियान्वित की जा रही है और इसका कार्यान्वयन राजदेवी नगरपालिका, रौतहट के माध्यम से किया जाएगा। राजदेवी नगरपालिका के मेयर, विद्यालय प्रबंधन समिति तथा अन्य हितधारकों ने भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जा रहे विकासात्मक सहयोग की सराहना की। निकट पड़ोसी और विकास साझेदार के रूप में भारत और नेपाल विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक एवं बहुआयामी सहयोग कर रहे हैं। एचआईसीडीपी परियोजनाओं का कार्यान्वयन नेपाल सरकार के विकास एवं प्रगति के प्रयासों को सुदृढ़ बनाने हेतु भारत सरकार के निरंतर समर्थन को दर्शाता है।

Spread the love