हजारीबाग : एसआईआर शुरू होने से पहले वोटर लिस्ट से मैपिंग तथा बीएलए नियुक्ति संबंधी विषयों पर विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमन्त सती ने बैठक की। बैठक में उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 की घोषणा कर दी गई है, जिसके तहत पुनरीक्षण कार्यक्रम में लगाये जाने वाले पदाधिकारियों/कर्मियों को 20 जून 2026 से 29 जून 2026 तक प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक सभी बीएलओ के द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण एवं संग्रहण (Collect) किया जायेगा I मतदाता सूची का ड्राफ्ट पब्लिकेशन 5 अगस्त निर्धारित है। मतदान केंद्र स्तर पर दावे एवं आपत्ति दर्ज करने हेतु 5 अगस्त से 4 सितम्बर 2026 तक तिथि निर्धारित की गई है। 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 तक नोटिस एवं दावे आपत्तियों का निस्तारण किया जायेगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जायेगा।
एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम) की तैयारी के क्रम में हजारीबाग जिले के सभी चार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 75 प्रतिशत मतदाताओं का पिछले मतदाता सूची से मैपिंग किया गया है। 5 प्रतिशत मतदाता अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट श्रेणी के हैं। 20 प्रतिशत मतदाताओं का पिछले एसआईआर की मतदाता सूची से मैपिंग किया जाना शेष है। शेष बचे मतदाताओं का मैपिंग कराने के निमित्त विभाग से प्राप्त अनमैप्ड मतदाताओं की सूची 2 प्रति में सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियो को उपलब्ध करा दिया गया है। विभागीय निर्देशानुसार 23 मई 2026 को सभी मतदान केंद्र पर मतदाता सूची की एक प्रति प्रकाशित की गई है तथा एक प्रति बीएलओ के पास कार्यकारी प्रति के रूप में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं को चिन्हित करने हेतु रखा गया है। सभी आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने मतदान केंद्र के बीएलओ से संपर्क स्थापित करते हुए अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम जांच लें, यदि अभी तक मैपिंग नहीं हुआ हो तो अविलम्ब अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का पिछले एसआईआर की मतदाता सूची से मैपिंग कराना सुनिश्चित करेंगे। सभी राजनितिक दलों के प्रतिनिधियों से इस आशय की सूचना अपने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराने हेतु अनुरोध किया गया।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने बताया कि बूथ लेवल एजेन्ट की नियुक्ति अनिवार्य है। हजारीबाग जिला में राजनीतिक दलों के द्वारा अबतक नियुक्त किये गये बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की संख्या निम्नवत् है। भारतीय जनता पार्टी के द्वारा सभी मतदान केन्द्रों के लिए बीएलए की नियुक्ति कर दी गई है तथा कांग्रेस पार्टी के द्वारा लगभग 50 प्रतिशत मतदान केन्द्रों में बीएलए की नियुक्ति किया जाना शेष है। शेष सभी राजनीतिक दलों के द्वारा अबतक नियुक्त किये गये बीएलए की सूची कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने शेष सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध किया कि वे बीएलए की नियुक्ति कार्य में तेजी लायें तथा नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करते हुए सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को अनिवार्य रूप से 15 जून 2026 तक उपलब्ध कराएं ताकि उन्हें प्रशिक्षित किया जा सके। विभाग द्वारा सभी बीएलए को प्रखण्ड स्तर पर 24 जून एवं 25 जून 2026 को प्रशिक्षण दिये जाने हेतु तिथि निर्धारित की गई है।
