रांची: सीएमपीडीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक चौधरी शिवराज सिंह ने अपने मुख्यालय प्रांगण में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर कोल इंडिया पर्यावरण ध्वज फहराया और कर्मियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शपथ दिलाई। मौके पर संस्थान के निदेशक (तकनीकी/ईएस) राजीव कुमार सिन्हा ने कोल इंडिया के चेयरमैन का संदेश पढ़ा जिसमें पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक (तकनीकी/पीएंडडी) अजय कुमार, निदेशक (तकनीकी/सीआरडी) नृपेन्द्र नाथ, कोल इंडिया के कार्यपालक निदेशक (गवेषण)आर0के0 सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। श्री सिंह ने अपने सम्बोधन में जोर दिया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सोच में मूलभूत परिवर्तन की आवश्यकता है और उन्होंने प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व और दैनिक जीवन में सतत प्रथाओं को अपनाने की वकालत की। उन्होंने अपने कर्मियों से प्रदूषण कम करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को बढ़ावा देने में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया।इस अवसर पर उन्होंने फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी (एफएमसी) जैसी पहलों और पर्यावरणीय प्रभावों को कम करने के लिए उन्नत प्रौद्योगिकियों को अपनाने के माध्यम से सतत खनन और पर्यावरण प्रबंधन के प्रति सीएमपीडीआई की प्रतिबद्धता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने आगे कहा कि सीएमपीडीआई का उद्देश्य राष्ट्र के ऊर्जा और विकास लक्ष्यों का समर्थन करते हुए जलवायु परिवर्तन को कम करने में सार्थक योगदान देना है।श्री सिंह ने कार्यकारिणी निदेशकों (एफडी) के साथ मिलकर ‘‘प्रकृति संकल्प’’ के पहले अंक का अनावरण किया जो कि अर्धवार्षिक ई-पत्रिका है और पर्यावरण संबंधी पहलों को बढ़ावा देने और सतत विकास के प्रति जागरूकता पैदा करने पर केंद्रित है।विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित क्विज, ड्राइंग, पेंटिंग और रील्स जैसी विभिन्न प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम का समापन ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ पहल के तहत पौधारोपण अभियान के साथ हुआ, जिसमें संस्थान के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री चौधरी शिवराज सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर परिसर में हरियाली और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए पौधे लगाए।
