MUSTFA
मेसरा /राँची: ओरमांझी ब्लॉक चौक स्थित एसएस +2 हाई स्कूल मैदान में शनिवार की रात लाल बहादुर शास्त्री क्लब द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित रात्रि क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 (सीजन-5) का भव्य शुभारंभ हो गया। इस रात्रिकालीन प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रामटहल चौधरी एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रमुख जयगोविंद उर्फ लालू साहू द्वारा संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्वलित तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया।
उद्घाटन मैच कमता और चकला की टीमों के बीच खेला गया, जिसे देखने के लिए भारी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में जुटे रहे। खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने कहा कि खेल न केवल युवाओं के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए आवश्यक है, बल्कि यह समाज में आपसी भाईचारे और अनुशासन को भी मजबूत करता है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में इस स्तर के रात्रिकालीन आयोजन की सराहना की और कहा कि ऐसे मंचों से ही छुपी हुई स्थानीय खेल प्रतिभाएं निखर कर सामने आती हैं और राज्य व देश का नाम रोशन करती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर ऐसे रात्रिकालीन टूर्नामेंट का आयोजन अत्यंत सराहनीय है। इससे युवाओं को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, बल्कि उनमें खेल भावना व अनुशासन का भी विकास होता है। विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रमुख जयगोविंद उर्फ लालू साहू ने कहा कि खेल को हमेशा खेल की भावना से खेलना चाहिए, जहां हार और जीत से कहीं अधिक महत्वपूर्ण आपकी खेल के प्रति निष्ठा होती है। इसके बाद अतिथियों ने पिच पर बैटिंग कर टूर्नामेंट की औपचारिक शुरुआत की। उद्घाटन मैच की शुरुआत होते ही दूधिया रोशनी से नहाए मैदान पर दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में लाल बहादुर शास्त्री क्लब के अध्यक्ष अभिमन्यु कु० सिंह, उपाध्यक्ष श्वेतांक प्रकाश, सचिव आशीष कुमार, उपसचिव शशि कुमार व मनीष कुमार और कोषाध्यक्ष आफताब आलम सहित संरक्षक अमित सिंह, रोहित कुमार महतो, खुर्शीद आलम, अजीत गिरी और रवि रंजन साहू (राजू) सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
