ASHOK DWIVEDI
रांची: चुटिया थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक के पास गृहरक्षक से स्कूटी लूट के मामले में रांची पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से लूटी गई स्कूटी, घटना में प्रयुक्त चाकू व दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। सिटी एसपी पारस राणा ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि 25 मई की रात करीब 2:30 बजे दो अज्ञात अपराधियों ने स्कूटी सवार गृहरक्षक गणेश राम पर चाकू से हमला कर उनकी स्कूटी लूट ली थी। घटना के समय गणेश राम सादे कपड़ों में थे, जबकि उनकी वर्दी स्कूटी की डिक्की में रखी हुई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने उन्हें पंचवटी चौक स्थित काली मंदिर के सामने सड़क पर छोड़ दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच व गुप्त सूचना के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखेदव गंझू व अभिषेक मुंडा के रूप में हुई है, जो सोनाहातु थाना क्षेत्र के चौकाहातु गांव के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लूटी गई स्कूटी में बदलाव कर उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी थी व उसका इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूटी गई स्कूटी, घटना में प्रयुक्त चाकू व दो मोबाइल फोन बरामद किया है।
