टाटानगर-बक्सर और आदित्यपुर-लखनऊ समेत कई मार्गों पर अतिरिक्त रेल सेवाएं-दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर यात्रियों को मिलेगी राहत
Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम: त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल से होकर कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए इन विशेष ट्रेनों को निर्धारित तिथियों में चलाया जाएगा। रेलवे की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, टाटानगर और आदित्यपुर से खुलने वाली ट्रेनों के साथ मंडल से होकर गुजरने वाली कई अन्य विशेष ट्रेनें भी शामिल हैं। टाटानगर से बक्सर के बीच ट्रेन संख्या 08183 का परिचालन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। वापसी में ट्रेन संख्या 08184 बक्सर से टाटानगर के लिए 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगी। वहीं, आदित्यपुर से लखनऊ के बीच ट्रेन संख्या 04217 का परिचालन 15 अक्टूबर को निर्धारित है। वापसी में लखनऊ से आदित्यपुर के लिए ट्रेन संख्या 04218 का परिचालन 10 अक्टूबर को किया गया है।
अन्य मार्गों पर भी चलेंगी स्पेशल ट्रेनें: संतरागाछी से अजमेर के बीच ट्रेन संख्या 08611 का परिचालन 12 अक्टूबर से 28 दिसंबर तक किया जाएगा। वापसी में ट्रेन संख्या 08612 अजमेर से संतरागाछी के लिए 15 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक चलेगी। इसके अलावा, लोकमान्य तिलक टर्मिनस से संतरागाछी के बीच ट्रेन संख्या 01107 का परिचालन 6 से 27 अक्टूबर तक निर्धारित है। वापसी में ट्रेन संख्या 01108 संतरागाछी से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए 8 से 29 अक्टूबर तक चलेगी। इन विशेष ट्रेनों का ठहराव टाटानगर सहित चक्रधरपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। चक्रधरपुर मंडल से होकर गुजरने वाली अन्य विशेष ट्रेनों में चर्लापल्ली-पटना, नितर-सांतरागाछी, संबलपुर-सांतरागाछी और हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस मार्ग की ट्रेनें भी शामिल हैं। इनका परिचालन दिसंबर 2026 तक निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। कुछ ट्रेनें साप्ताहिक, जबकि कुछ विशेष फेरों के तहत चलाई जाएंगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन की परिचालन तिथि, ठहराव और समय-सारणी की जानकारी आधिकारिक रेलवे माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि त्योहारों के दौरान यात्रा में असुविधा से बचा जा सके।
