श्री कृष्ण विद्या मंदिर में प्रतिभा सम्मान समारोह : उत्कृष्टता की ओर बढ़ते कदम

360° Ek Sandesh Live

By Akbar Ansari


रामगढ़। श्री कृष्ण विद्या मंदिर में मंगल वार को विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मानार्थ एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। रक्षाबंधन पर आयोजित राखी बनाओ और भेजो प्रतियोगिता के अंतर्गत छात्रों ने वीर सैनिकों के प्रति सम्मान, आत्मीयता और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में राखियां प्रेषित की थी। विद्यार्थियों की इस सराहनीय सहभागिता एवं सृजनात्मक अभिव्यक्ति के फल स्वरुप डाक विभाग, हजारीबाग प्रमंडल की ओर से प्रतियोगिता के शीर्ष 10 विजेताओं के लिए प्रशस्ति पत्र भेजे गए। विद्यालय की प्राचार्या गुरप्रीत कौर, उपप्राचार्य विजय तिवारी तथा अन्य वरिष्ठ शिक्षकों ने इन छात्रों को प्रमाण – पत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन किया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में समृद्धि, आराध्या, पियूष, दिव्यांश, अवनी, निवृत्ति, इशांत, सृष्टि, सान्वी एवं मेघा शामिल रहे। वहीं दूसरी ओर सह – पाठ्यचर्या गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित अन्य विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे शतरंज, मृत्तिका, शिल्प एवं पोस्टर मेकिंग के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता आनंद अग्रवाल ने छात्रों को बधाई देते हुए अपने प्रेरक संदेश में कहा कि विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहित करना उनकी सुप्त क्षमताओं को जागृत करने तथा उनमें आत्मविश्वास, सृजनशीलता और उत्कृष्टता की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
निःसंदेह ऐसे आयोजन विद्यालय में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ छात्रों में परस्पर प्रेरणा, आत्मानुशासन और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करती है।

Spread the love