News by Mustaffa
चतरा जिला बस ओनर एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को चतरा मुख्यालय में संपन्न हुई। इस बैठक में जिले के सभी रूटों पर संचालित होने वाली बसों के मालिकों और संचालकों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान परिवहन व्यवसाय में आ रही विभिन्न आर्थिक समस्याओं पर गंभीर चर्चा की गई।
डीजल और स्पेयर पार्ट्स की बढ़ती कीमतों ने बढ़ाई चिंता
बैठक के बाद चतरा बस ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद बेलाल ने बताया कि झारखंड प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन (रांची) के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार इस बैठक का आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही डीजल की कीमतों, बसों के रखरखाव (मेंटेनेंस), स्पेयर पार्ट्स, टायर, मोबिल, यूरिया, टोल टैक्स और बीमा प्रीमियम में अत्यधिक बढ़ोतरी के कारण अब पुराने किराए पर बस चलाना संभव नहीं रह गया है।
सभी रूटों पर लागू होगी नई दरें
बढ़ते खर्चों को देखते हुए एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से चतरा जिला के अंतर्गत आने वाले सभी मार्गों पर बस किराए में 15 प्रतिशत से 18 प्रतिशत तक की वृद्धि करने का प्रस्ताव पारित किया है।
इस बैठक का सफल संचालन चतरा बस ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद बेलाल और महासचिव प्रवीण सत्यार्थी ने संयुक्त रूप से किया। इस निर्णय से आने वाले दिनों में चतरा से विभिन्न रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
