रेलवे ट्रैक किनारे मिला अज्ञात महिला का शव

Crime Ek Sandesh Live

कटकमदाग /हजारीबाग: जिला के कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत सलगावां रेलवे ट्रैक ओवरब्रिज के समीप शनिवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह करीब आठ बजे स्थानीय ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद कटकमदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है।

समाचार लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों तथा रेलवे पुलिस के सहयोग से महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा हुआ था, जिसे देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। कटकमदाग थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला रेल दुर्घटना का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।

Spread the love