By Mustaffa
पिघला हुआ सोना,पल्सर बाइक और सोना गलाने वाला स्प्रे बरामद,तीसरा आरोपी फरार
मेसरा (राँची): ओरमांझी थाना पुलिस ने एनएच-20 पर एक बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े सोने की चेन छीनने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अपराधियों के पास से पुलिस ने लूटी गई चेन को पिघलाकर बनाया गया करीब 7 ग्राम सोने का टुकड़ा,वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की पल्सर बाइक (जेएच 01 जीजे 6414) और सोना पिघलाने वाला विशेष गोल्ड फ्लेम स्प्रे बरामद किया है। जानकारी के अनुसार,बीते 9 मई को दोपहर करीब 1:40 बजे मास्टर कॉलोनी (दड़दाग) निवासी बुजुर्ग महिला बीणा देवी घरेलू सामान लेकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एनएच-20 मुख्य पथ से गली में मुड़ने के क्रम में एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और रामगढ़ की ओर भाग निकले थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) व ग्रामीण एसपी के निर्देश पर ओरमांझी थाना प्रभारी पु.नि. मनोज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर दो अपराधियों को धर दबोचा। पकड़े गए अपराधियों की पहचान पिठौरिया थाना क्षेत्र के बरटोला हुन्दुर निवासी संदीप करमाली उर्फ जेडिया (19 वर्ष) और अरुण करमाली (19 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार,इस छिनतई कांड में कुल तीन अपराधी शामिल थे। दो की गिरफ्तारी हो चुकी है,जबकि तीसरे फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। इस सफल उद्भेदन को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी मनोज कुमार के अलावा पुआनि नीतीश कुमार,सतिश कुमार,रंजीत कुमार महतो,सअनि हेमन्त यादव,आरक्षी रघुवंश यादव और गृहरक्षक अनिल कुमार महतो मुख्य रूप से शामिल थे।
