सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार के कप्तान होंगे वैभव सूर्यवंशी, 17 सदस्यीय टीम घोषित

Sports

Eksandeshlive Desk

पटना: युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए बिहार की सीनियर टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। बिहार क्रिकेट संघ ने शुक्रवार को प्रतियोगिता के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की। सूरज कश्यप को उपकप्तान बनाया गया है। पहली बार वैभव बिहार की सीनियर टीम की अगुवाई करेंगे। बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा कि वैभव ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और परिपक्वता का परिचय दिया है। कप्तानी की जिम्मेदारी उन्हें एक क्रिकेटर और नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे बढ़ने का नया अवसर देगी। उन्हें उम्मीद है कि वैभव की अगुवाई में टीम अनुशासित, प्रतिस्पर्धी और प्रभावी प्रदर्शन करेगी तथा आगामी सत्र में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी। बिहार क्रिकेट संघ की सीनियर चयन समिति की बैठक 6 नवंबर को हुई, जिसमें खिलाड़ियों के ट्रायल और पिछले प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद टीम को अंतिम रूप दिया गया। चयन समिति के अध्यक्ष हरविंदर सिंह और सदस्य अमिताभ विजयवर्गीय बैठक में मौजूद रहे, जबकि चयनकर्ता एस. शरत ने टेलीफोन के माध्यम से हिस्सा लिया। चार से छह नवंबर तक हुए ट्रायल और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद टीम चुनी गई।

बिहार की 17 सदस्यीय टीम: वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), रित्विक राज, सूरज कश्यप (उपकप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह। मंगल महौर और शाकिब हुसैन का चयन उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। चयन समिति के फैसले के अनुसार, पहले दो मैचों के बाद उनकी फिटनेस का आकलन किया जाएगा। इसके बाद ही टीम में उनकी उपलब्धता को लेकर अंतिम निर्णय होगा। 16 खिलाड़ी स्टैंडबाय में: स्टैंडबाय खिलाड़ियों में बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशस्वी ऋषभ, लखन राजा, पवन कुमार, अमित चौधरी, पीयूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार और प्रशांत श्रीवास्तव शामिल हैं। वैभव के लिए बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी उनके क्रिकेट करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। आईपीएल-2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली और अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा दिखाई।

बिहार क्रिकेट संघ ने वैभव को बधाई दी: न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में खेले गए तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में वैभव ने अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत की थी। दोनों बल्लेबाजों ने महज छह ओवर में बिना विकेट गंवाए 118 रन जोड़कर पुरुष टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पावरप्ले के दौरान सर्वाधिक रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया। दोनों के बीच 43 गेंदों में 133 रन की साझेदारी हुई। वैभव ने 19 गेंदों पर 45 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 38 गेंदों पर 113 रन की शानदार पारी खेली। बिहार क्रिकेट संघ के प्रशासक एवं पटना उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अश्विनी कुमार सिंह, अध्यक्ष हर्षवर्धन और संघ के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने वैभव को कप्तान नियुक्त किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने उनकी क्षमताओं पर भरोसा जताते हुए वैभव और पूरी टीम को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए शुभकामनाएं दीं। बिहार की टीम प्रतियोगिता में अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर से इंदौर में करेगी, जहां उसके शुरुआती दो मुकाबले खेले जाएंगे। पूरे टूर्नामेंट के दौरान बिहार की रणजी ट्रॉफी टीम से जुड़ा सहयोगी स्टाफ ही खिलाड़ियों के साथ रहेगा। चयन समिति के अध्यक्ष हरविंदर सिंह और सदस्य अमिताभ विजयवर्गीय भी इंदौर में टीम के मुकाबले देखने के लिए मौजूद रहेंगे।

Spread the love