Eksandeshlive Desk
कोलकाता : रेल अवसंरचना और क्षमता विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए, दक्षिण पूर्व रेलवे ने नारायणगढ़–भद्रक तृतीय लाइन परियोजना के अंतर्गत खंतापड़ा–बहानगा बाजार–सोरो के बीच 18 किलोमीटर लंबे तीसरी रेल लाइन खंड का सफलतापूर्वक संचालन शुरू कर दिया है। रेलवे सुरक्षा आयुक्त, दक्षिण-पूर्व सर्किल, कोलकाता ने 19 और 20 मई 2026 को दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के अंतर्गत खंतापाड़ा और सोरो स्टेशनों के बीच नव-निर्मित तीसरी लाइन का वैधानिक निरीक्षण किया था। इस खंड पर 2 जून 2026 से ट्रेन परिचालन शुरू हो गया, जो हावड़ा–चेन्नई मुख्य रेल मार्ग पर क्षमता वृद्धि की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
परियोजना के प्रमुख लाभ : यह खंड नारायणगढ़–भद्रक तृतीय लाइन परियोजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इससे अत्यधिक व्यस्त खड़गपुर–भद्रक रेल कॉरिडोर पर भीड़भाड़ कम होगी। पहले से चालू सोरो–रानीताल तीसरी लाइन खंड के साथ मिलकर यह परियोजना रेल क्षमता और परिचालन दक्षता को और बढ़ाएगी। खंतापड़ा स्टेशन पर एक लंबी लूप लाइन विकसित की गई है, जिससे लंबी दूरी की मालगाड़ियों के गठन और संचालन में सुविधा होगी। खंतापड़ा और बहानगा बाजार स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का उन्नयन किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवाएं और अधिक सुविधा प्राप्त होगी। तीसरी लाइन के शुरू होने से माल परिवहन में वृद्धि होगी तथा स्थानीय आर्थिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा। यह परियोजना रेलवे अवसंरचना को मजबूत करने, सुरक्षा बढ़ाने, यात्री सेवाओं में सुधार लाने तथा बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए माल ढुलाई क्षमता में वृद्धि करने की दिशा में दक्षिण पूर्व रेलवे की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती है।
