थाने से 150 मीटर दूर पी.पी. ज्वेलरी से 10 लाख की चोरी,सीसीटीवी में कैद हुए 4 नकाबपोश चोर

Ek Sandesh Live

न्यूज़ mustaffa

​मेसरा (रांची): राजधानी रांची में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिसिया सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है। अपराधियों ने पुलिस को सीधी चुनौती देते हुए बीआईटी मेसरा ओपी (थाने) से महज 150 मीटर की दूरी पर स्थित एक ज्वेलरी दुकान को अपना निशाना बनाया। बुधवार की देर रात चार नकाबपोश चोरों ने कौशल्या कॉम्प्लेक्स स्थित पी.पी. ज्वेलर्स के शटर का ताला काटकर लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी उड़ा लिए। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकान संचालक पशुपतिनाथ सोनी (निवासी लालपुर) ने बताया कि वे बुधवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह कॉम्प्लेक्स के मालिक सोनाराम महतो ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि दुकान का ताला कटा हुआ है और शटर खुला है। संचालक जब अपने पुत्र के साथ आनन-फानन में मौके पर पहुंचे,तो भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरी खाली थी। पीड़ित व्यवसाई के अनुसार,चोरों ने करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ किया है। घटना की जानकारी मिलने ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि देर रात चार नकाबपोश अपराधी कटर और अन्य औजारों के साथ दुकान में दाखिल हुए थे। चोरों ने बड़ी ही इत्मीनान से शटर का ताला काटा और दुकान के भीतर रखे कीमती जेवरात समेट कर फरार हो गए। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों के हुलिये और भागने के रूट का मिलान कर रही है। थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने कहा,यह चोरी बेहद चुनौतीपूर्ण है क्योंकि वारदात थाने के बिल्कुल समीप हुई है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है,जिसमें चार संदिग्ध नकाबपोश नजर आ रहे हैं। हमारी टेक्निकल सेल और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। विशेष टीमें छापेमारी कर रही हैं,जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। वहीं,इधर थाने के ठीक सामने और रांची-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर स्थित परिसर में इस तरह की बड़ी वारदात होने से स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि अगर थाने से चंद कदमों की दूरी पर भी दुकानें सुरक्षित नहीं हैं,तो आम जनता और व्यवसाई खुद को कहाँ सुरक्षित महसूस करेंगे ? स्थानीय व्यापार संघ ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और इस मामले के त्वरित उद्भेदन की मांग की है।

Spread the love