नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का हुआ आयोजन

360° Ek Sandesh Live Health

News By Sunil
निकाली गयी रैली संध्या फेरी एवं माइकिंग के माध्यम से दिया गया जन-जागरूकता का संदेश

रांची: मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय राँची के तत्वावधान में संध्या फेरी सह जागरूकता अभियान के तहत कार्यशाला एवं माइकिंग के माध्यम से प्रचार प्रसार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, राँची के दिशा निर्देश में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एएनएमटीसी राँची की लगभग 50 छात्राओं सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। संध्या फेरी सदर अस्पताल से प्रारंभ होकर फिरायालाल चौक तक निकाली गई। इस दौरान प्रतिभागियों ने तंबाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के संबंध में आम लोगों को जागरूक किया। माइकिंग एवं नारों के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया तथा लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की गई।वही
कार्यशाला के दौरान सिविल सर्जन, राँची डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नशे के स्वरूप एवं प्रकारों में व्यापक परिवर्तन आया है। एनटीसीपी कंसल्टेंट सुशांत कुमार ने तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। वहीं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) प्रवीण कुमार सिंह ने नशा मुक्ति अभियान के उद्देश्यों, जनसहभागिता तथा जागरूकता कार्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डाला। उल्लेखनीय है कि नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिले में 10 से 24 जून तक विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

Spread the love