वनांचल एक्सप्रेस से 174 संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद, दो गिरफ्तार

Crime Ek Sandesh Live

SUNIL KUMAR

साहिबगंज/बरहरवा: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट बरहरवा ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वनांचल एक्सप्रेस से 174 संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के दो युवकों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना बरहरवा को सौंप दिया गया है।

जानकारी के अनुसार आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि ट्रेन संख्या 13403 अप वनांचल एक्सप्रेस के जनरल कोच में दो व्यक्ति बड़ी संख्या में संदिग्ध चोरी के मोबाइल फोन लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ एवं सीपीडीएस टीम द्वारा गुमानी स्टेशन से बरहरवा रेलवे स्टेशन तक विशेष जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान जनरल कोच संख्या ईआर-104464 में दो संदिग्ध व्यक्ति पिट्ठू बैग के साथ पाए गए। छापामारी दल को देखकर दोनों चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास करने लगे, लेकिन आरपीएफ टीम ने तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मोहम्मद नासरुद्दीन शेख (28 वर्ष) एवं मोहम्मद रहमत शेख (23 वर्ष), दोनों निवासी कलियाचक, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई। बरहरवा स्टेशन पर दोनों के बैगों की तलाशी लेने पर कुल 174 पुराने एवं प्रयुक्त एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें से 85 मोबाइल फोन मोहम्मद नासरुद्दीन शेख तथा 89 मोबाइल फोन मोहम्मद रहमत शेख के कब्जे से प्राप्त हुए। बरामद मोबाइल फोनों का अनुमानित बाजार मूल्य 58 लाख 95 हजार 878 रुपये आंका गया है।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी बरामद मोबाइल फोनों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज, स्वामित्व प्रमाण अथवा संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के प्रावधानों के तहत सभी मोबाइल फोनों को विधिवत जप्त कर जप्ती सूची तैयार की गई।

Spread the love