तालाब में दिखा विचित्र जीव, देखने उमड़ी सैकड़ों की भीड़

360° Ek Sandesh Live

MUSTFA

मेसरा (राँची): राजधानी रांची के काँके प्रखंड अंतर्गत पिठौरिया थाना क्षेत्र के उलातू गाँव का एक पुराना तालाब इन दिनों कौतूहल और चर्चा का मुख्य केंद्र बना हुआ है। बीते दो-तीन दिनों से तालाब के पानी में एक अद्भूत और विचित्र जीव दिखाई देने की खबर दावानल की तरह फैल गई है। इस रहस्यमयी जीव की एक झलक पाने के लिए स्थानीय ग्रामीणों के अलावा दूर-दराज के इलाकों से भी हर रोज सैकड़ों की संख्या में लोग पहुँच रहे हैं। ​तालाब के किनारे जुटी भीड़ में तरह-तरह की चर्चाएँ तैर रही हैं। कोई इसे जलपरी बता रहा है तो कोई इसे कोई दुर्लभ जलीय जीव करार दे रहा है। लोगों के बीच अफवाहों और तरह-तरह के दावों का बाज़ार पूरी तरह गर्म है। ​स्थानीय युवा समाजसेवी अमजद खान ने बताया कि इस अनूठी घटना के बाद उलातू गाँव का यह पुराना तालाब किसी पर्यटन स्थल और सेल्फी पॉइंट में तब्दील हो चुका है। सुबह से लेकर शाम तक तालाब परिसर में मेले जैसा माहौल बना रहता है और उत्सुक लोगों का जमावड़ा हटने का नाम नहीं ले रहा। फिलहाल, इस रहस्यमयी जीव की असलियत क्या है, यह अभी भी पहेली बना हुआ है।

Spread the love