Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: इंग्लिश फुटबॉल क्लब चेल्सी ने अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज को तीन साल के करार पर साइन करने की घोषणा की है। 33 वर्षीय मार्टिनेज इससे पहले छह सत्र तक एस्टन विला के साथ रहे और इस दौरान क्लब के लिए 256 मैच खेले। मार्टिनेज ने एस्टन विला के साथ अपने कार्यकाल में शानदार प्रदर्शन किया। पिछले सत्र में उन्होंने क्लब को यूईएफए यूरोपा लीग खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अब वह चेल्सी की गोलकीपिंग इकाई को मजबूती देंगे। चेल्सी में शामिल होने के बाद मार्टिनेज ने क्लब की ओर से रविवार को जारी बयान में कहा कि “मैं इस फुटबॉल क्लब में आकर बहुत खुश हूं। चेल्सी आना मेरे और मेरे परिवार के लिए एक आसान फैसला था। मैं बहुत उत्साहित हूं और जल्द से जल्द काम शुरू करने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।” उन्होंने कहा कि “मैं यहां सफल होना चाहता हूं। मैं ऐसा इंसान हूं जो हर काम में जीतना चाहता है और मैं इस फुटबॉल क्लब में भी यही सोच लाना चाहता हूं, क्योंकि यह क्लब खिताब जीतता है। मुझे लगता है कि यह एक अच्छा मेल है।”
मार्टिनेज ने अपने खेल के प्रति जुनून को लेकर कहा कि “मैं पूरे जुनून के साथ खेलता हूं और दिल से खेलता हूं। क्लब, अपने साथियों और समर्थकों को गर्व महसूस कराने के लिए मैं हर मैच और हर ट्रेनिंग सेशन में अपना 100 प्रतिशत दूंगा।” इंडिपेंडिएंट के साथ अपना युवा करियर शुरू करने के बाद मार्टिनेज अगस्त 2010 में 17 साल की उम्र में आर्सेनल से जुड़ गए। 2019-20 सत्र में वह आर्सेनल के नियमित खिलाड़ी बने। इसके बाद सितंबर 2020 में वह एस्टन विला से जुड़े। विला में अपने छह सत्रों के दौरान मार्टिनेज ने खुद को दुनिया के शीर्ष गोलकीपरों में स्थापित किया। क्लब के लिए उन्होंने कुल 256 मुकाबले खेले। मार्टिनेज ने जून 2021 में अर्जेंटीना के लिए अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया और इसके बाद टीम के पहली पसंद के गोलकीपर बने। उन्होंने अर्जेंटीना के लिए अब तक 67 मैच खेले हैं। उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में 2021 और 2024 में कोपा अमेरिका खिताब तथा 2022 में फीफा विश्व कप जीत शामिल है।
