विद्यालय की छत से चोरी हुए तीन सोलर प्लेट बरामद, आरोपी गिरफ्तार

360° Ek Sandesh Live

रिपोर्ट : अजय राज
प्रतापपुर (चतरा) : प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लिदीक स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय की छत से चोरी हुए तीन सोलर प्लेटों के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की गई तीनों सोलर प्लेट भी बरामद कर ली गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 जून 2026 की रात्रि में ग्राम लिदीक के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय की छत पर लगाए गए तीन सोलर प्लेट अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए थे। मामले को लेकर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष द्वारा प्रतापपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर प्रतापपुर थाना कांड संख्या 57/2026, दिनांक 14 जून 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रतापपुर पुलिस ने त्वरित छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान बभने तालाब के समीप से पुलिस ने विनय कुमार (पिता– द्वारिका यादव), निवासी ग्राम परहियाडीह, थाना प्रतापपुर, जिला चतरा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए तीनों सोलर प्लेट बरामद किए गए।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, इस चोरी की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Spread the love