पेट्रोल पंपों पर भीड़ और अव्यवस्था को लेकर मंत्री इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड में पेट्रोल और डीजल पंपों पर बढ़ती भीड़, लंबी कतारों और अव्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने राज्य के संवेदनशील पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। मंत्री ने राज्यभर में उत्पन्न स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर पिछले कुछ दिनों से अत्यधिक भीड़ और अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर लोगों को घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है, जिससे आम नागरिकों, वाहन चालकों और पेट्रोल पंप संचालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मंत्री ने कहा कि यदि स्थिति को समय रहते नियंत्रित नहीं किया गया तो तनाव बढ़ सकता है और अप्रिय घटनाओं की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। डॉ. अंसारी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और लोगों को बिना परेशानी ईंधन उपलब्ध हो सके। उन्होंने संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की भी अपील की। मंत्री ने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति में आम नागरिकों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कदम भी उठाए जाएंगे, ताकि राज्य में शांति एवं व्यवस्था बनी रहे।

Spread the love