बंगाल के मालदा बॉर्डर पर तनाव, ‘पुशबैक’ को लेकर बीएसएफ–बीजीबी आमने-सामने

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

मालदा : पश्चिम बंगाल में मालदा जिले के वैष्णवनगर के सुखदेवपुर स्थित भारत- बांग्लादेश सीमा पर शनिवार तड़के उस समय तनाव फैल गया, जब कथित बांग्लादेशी घुसपैठियों को वापस भेजने (पुशबैक) की प्रक्रिया के दौरान हालात बिगड़ गए। सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए घुसपैठियों को शुक्रवार रात सीमा के जरिए बांग्लादेश भेजा गया था, लेकिन वहां की बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) ने उन्हें अपने क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी।

इसके बाद सीमा पार बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और दोबारा भारत में घुसने की कोशिश करने लगे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने भारतीय सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर हमला करने की कोशिश भी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बीएसएफ ने सख्त रुख अपनाया। बताया जा रहा है कि इस इलाके में करीब 1200 मीटर सीमा अभी भी बिना कंटीले तार (फेंसिंग) के है, जिसका फायदा उठाकर बार-बार घुसपैठ और जमीन कब्जाने की शिकायतें सामने आती रही है। इस मामले पर स्थानीय विधायक राजू कर्मकार ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर घुसपैठियों को वापस भेजा जा रहा था, लेकिन बांग्लादेश अपने नागरिकों को स्वीकार नहीं कर रहा। दिन भर तनावपूर्ण स्थिति के बाद शाम को हालात कुछ हद तक सामान्य हुए हैं, लेकिन इलाके में अब भी सतर्कता बरती जा रही है। बीएसएफ और स्थानीय प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है। सीमा क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

Spread the love