पीवीयूएनएल में उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

Business

Eksandeshlive Desk

रामगढ़ : पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) में रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन पूरे उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पीवीयूएनएल टाउनशिप ग्राउंड में किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, सीआईएसएफ कर्मियों, संविदा कर्मियों तथा छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए.के. सहगल, महाप्रबंधक (ओ एंड एम) मनीष खेतरपाल, महाप्रबंधक (परियोजना) बिष्णु दत्ता दास, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) ओ.पी. सोलंकी एवं स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्षा रेनू सहगल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त सीआईएसएफ के जवानों, विभिन्न संविदा एजेंसियों के प्रतिनिधियों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की लगभग 40 छात्राओं ने भी योगाभ्यास में भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग सत्र से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों द्वारा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए.के. सहगल ने सभी प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पीवीयूएनएल परिवार की सहभागिता ने स्वस्थ जीवनशैली और सामुदायिक एकता के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के स्वस्थ एवं निरोग जीवन की कामना के साथ किया गया।

Spread the love