देवघर में आधी रात मां-बेटे की हत्या, एसपी ने जांच तेज करने के दिए निर्देश

Crime

Eksandeshlive Desk

देवघर : जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के महापुर पंचायत स्थित हेठ नवाडीह गांव में सोमवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर एक महिला और उसके बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतकों की पहचान 38 वर्षीय रुबेदा बीबी और उनके 12 वर्षीय बेटे छोटू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात हमलावर घर में घुसे और दोनों की हत्या कर फरार हो गए।

मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सोनारायठाढ़ी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। सुबह पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने जांच की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी संभावित पहलुओं पर जांच करने के निर्देश दिए। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Spread the love