ग्रामीण प्रतिभाओं को सही मंच और प्रोत्साहन की जरूरत:कामेश्वर वेदिया

360° Ek Sandesh Live

NEWS BY MUSTAFFA

​मेसरा (रांची): एस.एस. प्लस टू उच्च विद्यालय ओरमांझी के खेल मैदान में प्रखंड स्तरीय 65वीं सुब्रतो मुखर्जी कप एवं द्वितीय लिटिल चैंप फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि ओरमांझी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडियो) कामेश्वर वेदिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व फुटबॉल पर किक लगाकर किया। मौके पर विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि हरि मोहन महतो,राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि मानकी राजेंद्र शाही,शिक्षा विभाग के गोपाल उरांव एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि राजेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्ज्वलित किया। ​मैदान पर विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास करना रहा। मुख्य अतिथि बीडियो ​कामेश्वर वेदिया ने कहा,खेल केवल हार-जीत का माध्यम नहीं,बल्कि यह विद्यार्थियों में अनुशासन और टीम भावना का विकास करता है। ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बस सही मंच और प्रोत्साहन की जरूरत है। सुब्रतो मुखर्जी कप मैच में राजकीय मध्य विद्यालय (डहू) विजेता तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय (पिपराबंडा) उपविजेता रहा। वहीं,लिटिल चैंप प्रतियोगिता में राजकीय मध्य विद्यालय (पांचा) विजेता और उत्क्रमित मध्य विद्यालय (पांचा) उपविजेता बना। समापन समारोह में विजेता व उपविजेता टीमों को मेडल,प्रशस्ति-पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। मौके पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी डॉ. नसीम अहमद,प्रखंड कल्याण पदाधिकारी,प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रीना यादव तथा प्रखंड अध्यक्ष सतीश बड़ाईक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं,आयोजन को सफल बनाने में रहमान अंसारी,जीत मोहन,पंचित,रितुराज,कुमारी संध्या रानी,रीता कुमारी,पद्मा मिश्रा,प्रशांत कुमार मंडल,विनोद कुमार,सुरेंद्र महतो एवं वीरेंद्र महतो सहित अनेक शिक्षकों व सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे मैच के दौरान दर्शकों का उत्साह चरम पर था।

Spread the love