प्राचार्य पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा, उपायुक्त को भेजी गई विस्तृत रिपोर्ट
Bhaskar Upadhyay
विष्णुगढ़ / हजारीबाग: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर 2026 अभियान के दौरान +2 उच्च विद्यालय, विष्णुगढ़ में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। औचक निरीक्षण में विद्यालय निर्धारित समय के दौरान बंद मिला, जबकि निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) विद्यालय भवन के बाहर फर्श पर बैठकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य करते पाए गए। मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए विष्णुगढ़ के अंचल अधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी नित्यानंद दास ने विद्यालय के प्राचार्य के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, हजारीबाग को विस्तृत प्रतिवेदन भेजा है। प्रतिवेदन के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 30 जून को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक उन सभी विद्यालयों को खुला रखने का निर्देश दिया गया था, जहां मतदान केंद्र संचालित हैं, ताकि एसआईआर कार्यक्रम का कार्य निर्बाध रूप से संपन्न हो सके। इसी क्रम में दोपहर करीब 12 बजे अंचल अधिकारी ने वरीय पदाधिकारी-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी के साथ +2 उच्च विद्यालय, विष्णुगढ़ का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर में मतदान केंद्र संख्या 417, 418, 419, 420 एवं 421 संचालित हैं।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में ताला लटका मिला। प्रतिवेदन में कहा गया है कि विद्यालय बंद रहने के कारण संबंधित सभी बीएलओ भवन के बाहर फर्श पर बैठकर निर्वाचन कार्य का निर्वहन कर रहे थे। निरीक्षण दल ने इसे निर्वाचन जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध कार्य में गंभीर लापरवाही तथा सक्षम अधिकारियों के निर्देशों की खुली अवहेलना माना है।
अंचल अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि विद्यालय के प्राचार्य ने न केवल निर्धारित अवधि में विद्यालय को बंद रखा, बल्कि निर्वाचन कार्य में लगे कर्मियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराईं। उनके अनुसार यह कृत्य स्वेच्छाचारिता, घोर लापरवाही तथा प्रशासनिक आदेशों के उल्लंघन का स्पष्ट उदाहरण है। प्रतिवेदन में यह भी कहा गया है कि इस घटना से एस आई आर अभियान प्रभावित हुआ और प्रशासन की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ा। इन्हीं तथ्यों के आधार पर अंचल अधिकारी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त से +2 उच्च विद्यालय, विष्णुगढ़ के प्राचार्य के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है, ताकि भविष्य में निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्यों में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो। मामले की प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला स्तरीय नोडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा अपर समाहर्ता-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 24 मांडू विधानसभा को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ भेजी गई है।
