अमित शाह ने अहमदाबाद में 405 करोड़ के विकास कार्यों का किया उद्घाटन और शिलान्यास

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

अहमदाबाद : शहर को हराभरा और प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से अहमदाबाद महानगरपालिका द्वारा ‘मिशन फाइव मिलियन ट्री’ के तहत भव्य सामूहिक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रविवार को साइंस सिटी के विज्ञान भवन में आयोजित मेगा कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 405 करोड़ की विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। ‘मिशन फाइव मिलियन ट्री’ परियोजना के तहत शहर में हरित विकास को बढ़ावा देने वाले हेरिटेज पार्क और 101 ऑक्सीजन पार्क-अर्बन फॉरेस्ट का भी अमित शाह ने लोकार्पण किया। ग्रीन मोबिलिटी के तहत बीआरटीएस नेटवर्क में 80 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत की गई। इसके साथ ही एएमटीएस के बेड़े में भी 75 नई एसी बसें शामिल की गईं।

कार्यक्रम के दौरान 60.68 करोड़ की लागत से निर्मित 188 आधुनिक सरकारी आवासों का भी ई-लोकार्पण किया गया। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने भाड़ज, बोपल और वाडज सहित विभिन्न क्षेत्रों में सामूहिक पौधरोपण अभियान में भाग लिया। इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि आज मैं अहमदाबाद शहर और गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के सभी नागरिकों को हृदय से नमन और अभिनंदन करता हूं। गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में आज एक ही दिन में नागरिकों ने मिलकर 1 करोड़ 25 लाख से अधिक पौधे लगाने का भगीरथ कार्य किया है, जबकि अहमदाबाद शहर की तीनों लोकसभा सीटों में अलग से 50 लाख पौधे लगाने का महाअभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले जब उन्होंने बैठक में यह विचार रखा था, तब किसी ने स्पष्ट रूप से हां या ना नहीं कहा था, लेकिन आज जनता ने इसे साकार कर दिखाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में हरित आवरण बढ़ाने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का आह्वान किया है, ताकि लोग अपनी मां और धरती माता की स्मृति में एक-एक पौधा लगाएं।

अमित शाह ने कहा कि भारत सरकार के केंद्रीय अर्धसैनिक बलों ने सात वर्षों में 7 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा आज अत्यंत आवश्यक हो गई है। वाहनों के बढ़ते उपयोग से कार्बन उत्सर्जन और प्रदूषण में लगातार वृद्धि हो रही है, इसलिए शहरों में हरियाली बढ़ाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि गांधीनगर क्षेत्र में पहले केवल 12 पार्क थे, जबकि अब 61 नए ऑक्सीजन पार्कों का लोकार्पण किया गया है। पूरे अहमदाबाद में अहमदाबाद महानगरपालिका द्वारा 101 ऑक्सीजन पार्क विकसित किए गए हैं। इस आयोजन के लिए उन्होंने अहमदाबाद महानगरपालिका और मेयर हितेश बारोट को बधाई दी। उन्होंने बताया कि महानगरपालिका ने नागरिकों के घरों तक पौधे पहुंचाने के लिए विशेष वाहनों की व्यवस्था भी की है। अमित शाह ने कहा, “मैंने वर्ष 2029 के चुनाव तक इस क्षेत्र में 20 प्रतिशत हरियाली बढ़ाने का व्यक्तिगत संकल्प लिया है।” उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ गांधीनगर क्षेत्र ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में भी अग्रणी है। देश में सबसे अधिक सोलर रूफटॉप वाले क्षेत्रों में गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र प्रमुख है। प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से नई इलेक्ट्रिक बसों को भी सेवा में शामिल किया गया है, जिससे कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिलेगी।

अमित शाह ने बताया कि गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में दोपहर 1 बजे तक कुल 1,25,93,513 पौधे लगाने का कार्य पूरा होने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में अब तक कुल 28,492 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। अंत में उन्होंने नागरिकों से दो विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी सोसायटी का कोई कोना पेड़ के बिना खाली न रहे और अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए पृथ्वी को रहने योग्य बनाया जा सके। साथ ही उन्होंने लोगों से अपने घरों पर सोलर रूफटॉप लगाने का आह्वान करते हुए कहा, “आइए, हम सब मिलकर अपने क्षेत्र को ग्रीन और क्लीन बनाएं।”

Spread the love