हाट-बाजारों से बाइक व मोबाइल चोरी बनी आम बात, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
MUSTFA
मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों का दुस्साहस चरम पर है। पुलिस का खौफ खत्म होने के कारण क्षेत्र में आए दिन वाहन और मोबाइल चोरी की घटनाएं घट रही हैं। ताजा मामला नेवरी विकास चौक स्थित एनएच-33 का है, जहां विकास गार्डन के सामने से अज्ञात चोरों ने एक अल्टो कार (यूपी 65 जेड 9092) पार कर दी। घटना को लेकर पीड़ित चुट्टू रिंग रोड निवासी और चालक बीनू उरांव ने बीआईटी मेसरा ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार, उक्त वाहन वाराणसी (उत्तर प्रदेश) निवासी वरुण कुमार सिंह के नाम पर पंजीकृत है, जिन्होंने इसे बीनू उरांव को आने-जाने के लिए गिफ्ट के तौर पर दिया था।
बीनू उरांव ने बताया कि शाम करीब चार बजे वे अपनी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर दुकान चले गए थे। रात आठ बजे लौटने पर कार गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बीआईटी बाजार और विकास बाजार (हाट) से मोटरसाइकिल व मोबाइल चोरी होना अब आम बात हो गई है। चोर गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देकर आसानी से निकल जाते हैं, जिससे व्यापारियों और आम लोगों में असुरक्षा का माहौल है। वहीं, स्थानीय निवासियों का कहना है कि थाना प्रभारी अजय कुमार दास का रिकॉर्ड बड़े अपराधों को सुलझाने में बेहतरीन रहा है। वे लूट, डकैती और गोलीबारी जैसे संगीन मामलों का त्वरित निष्पादन कर कई अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज चुके हैं। इसके बावजूद क्षेत्र में सक्रिय छोटे चोरों और उठाईगिरों पर नकेल कसने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। लोगों ने गश्ती बढ़ाने और पुलिस सतर्कता की मांग की है।
