Eksandeshlive Desk
कोडरमा: झुमरी तिलैया निवासी फिल्म कलाकार, लेखक- निर्देशक सह निर्माता अमरेश कुमार पिछले कई वर्षों से लगातार झारखंड में फिल्म इंस्टीट्यूट की स्थापना के लिए प्रयासरत थे। संबंधित विषय को लेकर 3 मार्च वर्ष 2022 को निदेशक कला संस्कृति विभाग, झारखंड सरकार व 4 मई 2022 को राजीव अरुण इक्का, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव (तत्कालीन) झारखंड सरकार को पत्राचार के माध्यम से झारखंड में फिल्म इंस्टीट्यूट खोलने की अमरेश कुमार ने प्रबल इच्छा जताई थी। संबंधित विषय को लेकर सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलिविजन इंस्टिट्यूट, कोलकाता भी गए ताकि झारखंड में खोले जाने वाले फिल्म इंस्टीट्यूट हेतु मार्गदर्शन एवं सहयोग स्थापित किया जा सके। साथ ही साथ 10 जून वर्ष 2022 को निर्देशक सत्यजीत रे फिल्म और टेलिविज़न संस्थान, सिमरन दत्त को पत्राचार के माध्यम से अमरेश कुमार के द्वारा सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध भी किया गया।
आज लगभग 4 वर्षों बाद अब जाकर हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री झारखंड सरकार द्वारा झारखंड फिल्म एंड टेलिविजन इंस्टिट्यूट की घोषणा की गई है। हेमंत सोरेन की इस रचनात्मक व सकारात्मक पहल से अमरेश कुमार काफी प्रसन्न है एवं इस कार्य के लिए हेमंत सोरेन को दिल से धन्यवाद देते हुए झारखंड के कलाकारों की उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं।
