रांची: शुक्रवार को आयोजित एक समारोह में संस्थान की वरिष्ठ नर्सिंग कर्मियों सिस्टर बीना कुमारी एवं सिस्टर गीता कुमारी को उनके दीर्घ, समर्पित एवं अनुकरणीय सेवाकाल के लिए सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। सिस्टर बीना कुमारी ने 20 अगस्त 1993 को रिम्स में अपनी सेवा प्रारंभ की थी तथा 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुईं। वे वर्ष 2024 से मेट्रोन के पद पर कार्यरत थीं। इनकी सेवानिवृति के उपरांत सीनियर सिस्टर कनकलता को मेट्रोन की जिम्मेदारी दी जाएगी। सिस्टर गीता कुमारी ने 8 जुलाई 1994 को संस्थान में योगदान दिया था तथा 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त हुईं। दोनों वरिष्ठ नर्सिंग कर्मियों ने अपने सेवाकाल में उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं रोगी-हितैषी कार्यशैली से संस्थान की गरिमा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में रिम्स के निदेशक प्रो. (डॉ.) डी. के. सिन्हा, डीन प्रो. (डॉ.) राजीव मिश्रा, प्रशासनिक पदाधिकारी कर्नल एo केo श्रीवास्तव, अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेश कुमार त्रिपाठी, डिप्टी डायरेक्टर फाइनेंस श्री सुरेंद्र कुमार गोप, कार्यालय अधीक्षक श्री अंजनी कुमार सिंह सहित संस्थान के नर्सिंग अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर निदेशक प्रो. (डॉ.) डी. के. सिन्हा ने कहा कि रिम्स की नर्सिंग सेवाओं की गुणवत्ता एवं संस्थान की प्रतिष्ठा को सुदृढ़ बनाने में वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि सिस्टर बीना कुमारी एवं सिस्टर गीता कुमारी ने अपने लंबे सेवाकाल में समर्पण, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं के साथ रोगियों की सेवा की है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करते हुए कहा कि रिम्स परिवार उनके योगदान को सदैव स्मरण रखेगा। समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त नर्सिंग अधिकारियों को स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
