दिशोम गुरु के विचार सदा अमर रहेंगे: बिनोद पांडे

360° Ek Sandesh Live

मेसरा (रांची): झारखंड आंदोलन के पुरोधा,पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को नेवरी रिंग रोड गोलचक्कर स्थित दिशोम गुरु चौक पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। ​पूर्वाह्न 11:30 बजे आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में झामुमो,कांग्रेस और सत्तारूढ़ गठबंधन दलों के शीर्ष नेताओं,पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उपस्थित अतिथियों ने गुरुजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूरा क्षेत्र दिशोम गुरु अमर रहें और जब तक सूरज-चांद रहेगा,गुरुजी का नाम रहेगा के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद बिनोद पांडे ने गुरुजी के योगदान को याद करते हुए कहा,दिशोम गुरु सिर्फ एक जननेता नहीं,बल्कि पूरे झारखंड की चेतना,संघर्ष और अस्मिता के प्रतीक थे। जल,जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनका ऐतिहासिक संघर्ष आने वाली पीढ़ियों का सदैव मार्गदर्शन करता रहेगा। राज्यसभा सांसद ​महुआ माजी ने कहा,गुरुजी ने अपना पूरा जीवन शोषितों,आदिवासियों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया। उनके त्याग और समर्पण के बिना झारखंड राज्य का इतिहास अधूरा है। झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता​ सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा,गुरुजी ने जिस शोषणमुक्त और समतामूलक झारखंड का सपना देखा था,उसे धरातल पर उतारना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सिल्ली विधायक ​अमित महतो ने कहा,झारखंड आंदोलन में गुरुजी का नेतृत्व अप्रतिम था। उन्होंने आम जनता को सीना तानकर अपने हक के लिए लड़ना सिखाया। वहीं,​गुरुजी के वंचितों के प्रति समर्पण और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए इस अवसर पर एक विशेष सामाजिक पहल की गई। श्रद्धांजलि सभा के दौरान सैकड़ों जरूरतमंदों एवं असहाय लोगों के बीच साड़ी और लूंगी का वितरण किया गया। वस्त्र पाकर ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। इस श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से जिला संयोजक प्रमुख मुश्ताक आलम,कांके प्रमुख सह कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा,ओरमांझी उप प्रमुख मो. रिजवान,स्थानीय ग्राम प्रधान करमु मुंडा,उप मुखिया मझर अंसारी व केंद्रीय सदस्य अंतू तिर्की,अश्विनी शर्मा,हेमलाल मेहता,समनुर मंसूरी,आंदोलनकारी नेता जावेद अख्तर अंसारी,प्रखंड अध्यक्ष नवीन तिर्की,डॉ. बबलू राम,झब्बुलाल महतो,महमुद अंसारी,मोहम्मद चांद,जहूर अंसारी,लाडले खांन,पेशावर अंसारी सहित झामुमो के केंद्रीय,जिला,महानगर व प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Spread the love