By Mustaffa
मेसरा/ओरमांझी (रांची): ओरमांझी क्षेत्र से बुधवार को बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए कांवरियों का एक विशाल जत्था धार्मिक उल्लास के साथ रवाना हुआ। प्रस्थान के समय पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं को सम्मानपूर्वक गेरुवा वस्त्र ओढ़ाकर और शुभकामनाएं देकर यात्रा के लिए विदा किया। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भारत की पुण्य भूमि आदिकाल से पूजनीय रही है। 5 अगस्त का दिन सनातन धर्म के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है,क्योंकि इसी दिन अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का भूमि पूजन हुआ था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि काशी विश्वनाथ,केदारनाथ और बद्रीनाथ जैसे पवित्र धामों का कायाकल्प इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। पूर्व सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने बाबा धाम में कांवरियों की सुगम यात्रा के लिए कई योजनाएं शुरू की थीं,जिन्हें सरकार बदलने के बाद रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने से भक्तों की हर मनोकामना पूरी होती है। कांवरियों का उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि,राजनीतिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामकुमार पाहन,भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष विनय कुमार धीरज,पूर्व जिलाध्यक्ष रणधीर चौधरी,सुरेंद्र महतो,डॉ. बिरसा उरांव,आरती कुजूर,पूर्व प्रमुख जय गोविंद उर्फ लालू साहू,श्याम किशोर महतो,सतनारायण तिवारी,रामकुमार महतो,दिवाकर साहू,मनोज चौधरी,मानकी राजेंद्र साही,दुर्गाशंकर साहू,रोहित साहू,वीरेंद्र साहू,विक्रांत तिवारी,शशि मेहता,रूपेश कुमार,अमरनाथ चौधरी,सत्यदेव मुंडा,नीरज नायक एवं स्थानीय मुखियागण सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
