नेपाल: नए विद्यालय भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास

INTERNATIONAL

Ashutosh Jha

काठमांडू : नमोबुद्ध नगरपालिका स्थित श्री जनहित माध्यमिक विद्यालय के नए विद्यालय भवन के निर्माण हेतु शिलान्यास नारायण सिंह, नेपाल स्थित भारतीय राजदूतावास के प्रथम सचिव, ; कुन्साङ लामा, प्रमुख, नमोबुद्ध नगरपालिका; तथा लक्ष्मी प्रसाद भट्टराई, परियोजना निदेशक, केन्द्रीय स्तर परियोजना कार्यान्वयन इकाई (सीएलपीआईयू), शिक्षा तथा खेलकूद मंत्रालय, नेपाल सरकार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर नेपाल सरकार के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी, मीडिया प्रतिनिधि तथा अन्य स्थानीय हितधारक भी उपस्थित रहे। भारत सरकार की भूकंपोत्तर पुनर्निर्माण अनुदान सहायता के अंतर्गत लगभग 5.50 करोड़ नेपाली रुपये की अनुमानित लागत से इस परियोजना का कार्यान्वयन किया जा रहा है। नए विद्यालय भवन में दो ब्लॉक होंगे, जिनमें सात कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशालाएं, प्रशासनिक कार्यालय तथा पृथक स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस अवसर पर अपने संबोधन में केन्द्रीय स्तर परियोजना कार्यान्वयन इकाई (सीएलपीआईयू) के परियोजना निदेशक लक्ष्मी प्रसाद भट्टराई ने नेपाल में शैक्षिक अवसंरचना के पुनर्निर्माण के लिए भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जा रहे तकनीकी एवं वित्तीय सहयोग की सराहना की। नमोबुद्ध नगरपालिका के प्रमुख कुन्साङ लामा ने भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जा रहे सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालयी अवसंरचना का उन्नयन विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षण वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारतीय राजदूतावास के प्रथम सचिव नारायण सिंह ने अपने संबोधन में भारत सरकार की अनुदान सहायता के अंतर्गत नेपाल में क्रियान्वित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परियोजना भारत-नेपाल के दीर्घकालिक विकासात्मक सहयोग की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह परियोजना भारत और नेपाल के बीच गहन एवं बहुआयामी विकास साझेदारी का प्रतीक है। साथ ही, यह नेपाल सरकार के भूकंपोत्तर पुनर्निर्माण तथा शैक्षिक अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने के प्रयासों को भी सशक्त समर्थन प्रदान करती है।

Spread the love