झारखंड विधानसभा घेराव कार्यक्रम में 7 अगस्त को छात्र संगठनों ने की युवाओं से शामिल होने की अपील

Education

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में लगातार हो रही धांधली, भ्रष्टाचार और अभ्यर्थियों के साथ अन्याय के खिलाफ छात्र संगठन एआईएसएफ, आइस, झारखंड जनाधिकार महासभा, ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन और अन्य छात्र संगठनों ने 7 अगस्त को सुबह 11 बजे विधानसभा मार्च व घेराव का ऐलान किया है। युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए इस आंदोलन में भारी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। इस संबंध में गुरुवार को संयुक्त छात्र-युवा संगठनों की प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) के राष्ट्रीय महासचिव दिनेश, ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (एआईवाईएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन कुमार सिन्हा, एसएफआई के प्रदेश संयोजक दानिश और एआईएसएफ झारखंड के प्रदेश सह सचिव अफजल दुर्रानी ने विचार प्रकट किया।

एआईएसएफ के राष्ट्रीय महासचिव दिनेश ने कहा कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा झारखंड के लाखों छात्रों के साथ बहुत बड़ा धोखा है। राज्य के युवाओं के साथ वर्षों से जेपीएससी के नाम पर अन्याय और धांधली की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए और 14वीं जेपीएससी परीक्षा को अविलंब रद्द कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत पुनः परीक्षा आयोजित करनी चाहिए। वहीं एआईवाईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन कुमार सिन्हा ने कहा कि साल 2003 से लेकर आज तक जेपीएससी लगातार विवादों में रही है। जिस परीक्षा एजेंसी पर गंभीर आरोप लगे, उसके विरुद्ध प्राथमिकी तक दर्ज हुई, उसी एजेंसी को दोबारा परीक्षा की जिम्मेदारी देना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 तक भी 14वीं जेपीएससी की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है। उन्होंने सरकार से सभी लंबित (बैकलॉग) नियुक्तियों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। प्रेस वार्ता में सभी संगठनों ने संयुक्त रूप से झारखंड के अभ्यर्थियों से 07 अगस्त 2026 को आयोजित विधानसभा घेराव में शामिल होने की अपील की।

Spread the love