Eksandeshlive Desk
ढाका : देश की सड़कें लंबे समय से जानलेवा बनी हुई हैं। बांग्लादेश में शुक्रवार की सुबह बोगरा में सड़क किनारे खड़े सात मजदूरों के लिए एक बस काल साबित हुई। इसी तरह सिलहट में दो बसों की टक्कर में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। बोगरा में मजदूरों की मौत से गुस्साए लोग सड़क पर उतर आए और राजमार्ग पर जाम लगा दिया। पिछले माह जुलाई में सड़क हादसों में 416 लोगों की मौत हो चुकी है। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे बोगरा सदर के सिल्कीबांधा इलाके के एरुलिया इलाके में काम की तलाश में सड़क किनारे खड़े मजदूरों को एक निजी बस ने टक्कर मार दी। इससे कम से कम सात मजदूरों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। बोगरा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मीडिया) अताउर रहमान ने इसकी पुष्टि की।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ढाका से नाओगांव जा रही शाह फतेह अली परिवहन कंपनी की बस ने मजदूरों को अपनी चपेट में लिया। यह बस बारिश से गीले बोगरा-नाओगांव हाइवे पर फिसल कर बिजली के खंभे से टकराती हुई मजदूरों को घसीटती हुई ले गई। तीन मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने शहीद जियाउर रहमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। फायर सर्विस और सिविल डिफेंस के कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में सिर्फ चार की पहचान हो पाई है, जिनमें गाइबांधा के गोबिंदागंज के अमीरुल इस्लाम और नूर आलम, बोगरा सदर के फापोर के बेलाल हुसैन और जॉयपुरहाट के ताजमुल हैं। हादसे के बाद बाकी मजदूरों और स्थानीय निवासियों ने बोगरा-नाओगांव हाइवे को जाम कर दिया और इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। स्थानीय किसान मिजानुर रहमान ने कहा कि सिल्कीबांधा इलाके में अकसर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए यहां स्पीड ब्रेकर बनाना जरूरी है। एरुलिया यूनियन परिषद के चेयरमैन अतीकुर रहमान अतीक ने कहा कि प्रशासन से बातचीत की जा रही है। स्पीड ब्रेकर का काम शुरू होते ही जाम खत्म कर दिया जाएगा।
देश में दूसरा सड़क हादसा इस घटना के कुछ देरबाद सिलहट के ओस्मानीनगर उप जिला के दयामीर में हुआ। यहां दो बसों की आमने-सामने की टक्कर में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और लगभग 25 अन्य घायल हो गए। ओस्मानीनगर थाना प्रभारी गोलम मुस्तफ़ा ने कहा कि मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, ढाका से सिलहट जा रही ‘बंगाल परिवहन’ की बस और सिलहट से ढाका जा रही ‘यूनिक परिवहन’ की बस की सीधी टक्कर से यह हादसा हुआ।पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ‘यूनिक परिवहन’ की बस सड़क किनारे खाई में जा गिरी। मरने वाले सभी यात्री इसी बस के हैं। हादसे में घायल लोगों को सिलहट के एमएजी ओस्मानी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश में सड़कों को सुरक्षित बनाने की कोशिशों के सामने अभी भी बड़ी चुनौतियां हैं। रोड सेफ्टी फ़ाउंडेशन ने कहा कि जुलाई में 458 सड़क हादसे हुए। इनमें 416 लोगों की जान गई।
