हमारा जीवन जंगल और वृक्ष से ही, प्रकृति रहेगी तभी हम भी रहेंगे : विजय सिन्हा

360°

राजधानी रांची में कडरू स्थित मेपल बियर कैनेडियन प्री स्कूल में आयोजित हरित दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए अतिथि, अभिभावक, छात्र-छात्रा और विद्यालय की शिक्षिकायें

Eksandeshlive Desk

रांची: समाजसेवी विजय सिन्हा ने कहा है कि प्रकृति, पर्यावरण और यह संपूर्ण ब्रह्मांड हम सभी से अलग नहीं है बल्कि, हम भी इसी का एक हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को यह बात समझाने की जरूरत है कि हमारे जीवन की सारी चमक-दमक, जंगल और वृक्षों से ही है और जब तक वे सुरक्षित हैं तभी तक हम या मानव जीवन सुरक्षित है। शुक्रवार को राजधानी रांची में कडरू स्थित मेपल बियर कैनेडियन प्री स्कूल में आयोजित हरित दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में सिन्हा ने कहा कि विश्वविद्यालय से भी अधिक जिम्मेदारी प्रीस्कूल, नर्सरी अथवा प्राइमरी विद्यालयों की है क्योंकि यहीं किसी भी बच्चे का प्रारंभिक व्यक्तित्व विकास होता है जो जीवन भर साथ रहता है। क्योंकि बचपन में सीखी गयी कोई भी बात पूरे जीवन हमारे साथ रहती है।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि आशुतोष सिंघाजी ने कहा कि आज के बच्चे ही कल के भविष्य हैं और अगले 10 साल के बाद हमें वही नजर आयेगा जो हम आज के बच्चों को सिखा रहे हैं। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका आराधना शुक्ला ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मेपल बियर कैनेडियन प्री स्कूल बच्चों को बेहतरीन शिक्षा और संस्कार दे रही है ताकि आगे चलकर वे सभी विवेकशील, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बन सकें। कार्यक्रम के दौरान स्कूल की शिक्षिकाओं ने बच्चों को प्रकृति के संरक्षण और हरित दिवस के महत्व के बारे में समझाया। बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्कूल प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया गया जिसमें सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस समारोह के आयोजन में विद्यालय की शिक्षिका कनकलता, मीरा सिंह, नेहा गुप्ता, पूर्वा सरकार, निधि और सौरभ सरावगी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Spread the love