झारखंड में नौ और 10 अक्टूबर को कई जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट

360°

Eksandeshlive Desk

रांची: राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में नौ और 10 अक्टूबर को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा वज्रपात होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज गति से हवा चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर गुरुवार को येलो अलर्ट जारी किया है। इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश दुमका जिले के सरैयाहाट में 74.6 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं, इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में 35.8 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के कारण राजधानी रांची सहित राज्य के अधिकांश जिलों में ठंड महसूस होने लगी है। वहीं गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहे। गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम 18.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम 32.1 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.6 और न्यूनतम 21.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.1 डिग्री और न्यूनतम 20.2 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Spread the love