रूपी सोरेन का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, पैतृक गांव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी मुखाग्नि

Politics

राष्ट्रपति मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने किया शोक व्यक्त

Eksandeshlive Desk

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार को निधन हो गया। गुरुवार को दोपहर तीन बजे उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान और संथाली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पैतृक गांव नेमरा (बरलंगा घाट, रामगढ़) में संपन्न हुआ, जहां दिवंगत शिबू सोरेन का भी अंतिम संस्कार हुआ था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मां को मुखाग्नि दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित परिवार के सदस्य, राज्य सरकार के कई कैबिनेट मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। पार्थिव शरीर को पहले रांची के मोरहाबादी स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था, जहां परिवार के सदस्यों के अलावा झामुमो नेताओं और समर्थकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। यहां से अंतिम यात्रा नेमरा के लिए रवाना हुई।

झारखंड में शोक की लहर: रूपी सोरेन के निधन से झारखंड में शोक की लहर है। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने शोक व्यक्त कर परिवार के प्रति संवेदना जताई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संथाली भाषा में एक्स पर गुरुवार को पोस्ट कर रूपी सोरेन के निधन पर दुख जताया। उन्होंने रूपी सोरेन के जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों को याद किया और उनके निधन को दुखद बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि शोक की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और उनके परिजनों के साथ हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “रूपी सोरेन जी के निधन से बहुत दुख हुआ है। उन्होंने सदैव जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण के लिए कार्य किए। शोक की इस घड़ी में हेमंत सोरेन जी, कल्पना जी और उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। प्रधानमंत्री के शोक संदेश में रूपी सोरेन के सामाजिक योगदान के साथ-साथ सोरेन परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की गई है। उन्होंने इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना जताई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राजद नेता तेजस्वी यादव ने शोक जताया है। दोनों ने रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

रूपी सोरेन का किडनी फेल होने के कारण हुआ निधन: उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और झामुमो संस्थापक दिवंगत शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का किडनी फेल होने के कारण बुधवार रात करीब 8:40 बजे बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में निधन हो गया। वे करीब 75 वर्ष की थीं। उनका इलाज कर रहे डॉ. नितेश प्रिया ने बताया कि वे दो साल से किडनी रोग से पीड़ित थीं। उनके निधन पर मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा-बाबा के जाने के बाद मां ही मेरी सबसे बड़ी छांव थीं। आज वह छांव भी प्रकृति की गोद में समा गईं। उनके निधन की सूचना मिलते ही झामुमो समेत विभिन्न दलों के नेताओं का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया था। वे मुख्यमंत्री को ढांढस बंधाते रहे। रात करीब 10 बजे उनका पार्थिव शरीर मोरहाबादी स्थित स्व. शिबू सोरेन के आवास पर लाया गया था।

Spread the love