Eksandeshlive Desk
रांची : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय रांची के अंतर्गत संताली, मुंडारी, खड़िया, हो, कुड़ुख़, कुड़मालि, पंचपरगनिया, नागपुरी और खोरठा इन सभी विभागों में स्नातक सत्र 2026-2030 में नव नामांकित छात्र-छात्राओं का स्वागत सामूहिक रूप से विश्वविद्यालय परिसर में स्थित टीआरएल सभागार में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कुड़ुख़ विभाग रांची विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. हरि उरांव ने सभी नव नामांकित छात्र-छात्राओं को इन सभी विभागों में स्वागत करते हुए बच्चों को विभाग और विश्वविद्यालय के अनुशासन को बनाए रखते हुए अध्ययन करने की बातें कही। साथ ही उन्होंने इन विषयों की महत्तता को राष्ट्रीय स्तर पर बतलाते हुए कहे कि इन विषयों में भी अन्य विषयों की भांति रोजगार के समान अवसर उपलब्ध हैं। अतः आपलोग अपने निष्ठा और मेहनत के बल-बूते उस मुकाम को हासिल कर पाएंगे।
स्वागत भाषण के रूप में अपने बातों को रखते हुए सभी नौ विभाग के समन्वयक डॉ. विनोद कुमार ने छात्रों को इन विषय को चुनने एवं इसमें अपना करियर बनाने की शुभकामनाएं दी। साथ ही उन्होंने कहा कि ये नौ विभाग विविधताओं से भरा झारखंडी कला संस्कृति का एक संगम स्थल है, जहां विविध रंग की छटा गीत संगीत के रूप में देखने को मिलती है। कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं को परछन के साथ किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन संजय साहू एवं धन्यवाद ज्ञापन नागपुरी के डॉ. मालती बागिसा लकड़ा ने किया। इस अवसर पर संताली के डॉ. डुमनी माई मुर्मू और संतोष मुर्मू, कुड़ुख़ के डॉ. सीता कुमारी और डॉ. सुनीता कुमारी, मुंडारी के डॉ. दशमी ओड़ेया, नागपुरी के डॉ. मालती बागिसा लकड़ा, खड़िया के शांति केरकेट्टा, खोरठा के सुशीला कुमारी, पंचपरगनिया के लक्ष्मीकांत प्रमाणिक, कुड़मालि के डॉ. निताई चंद्र महतो तथा शोधार्थी अशोक कुमार पुरान, सत्येन्द्र नाथ साहु, एस्टेला टोप्पो एवं कुड़मालि के पूर्व छात्र हेमन्त अहीर तथा नौ विभाग के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
