By Mustaffa
मेसरा (रांची): बीटीआई मेसरा ओपी क्षेत्र के ग्राम केदल स्थित चरकु चौक परिसर में बुधवार को स्व. चरकु महतो की 28वीं पुण्यतिथि अत्यंत सादगी व श्रद्धापूर्ण माहौल में मनाई गई। इस दौरान उपस्थित गणमान्य लोगों एवं ग्रामीणों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर एक मिनट का मौन धारण किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केदल फुरहूरा टोली निवासी स्व. महतो विशाल जमींदारी के मालिक होने के बावजूद बेहद सरल स्वभाव के थे और जीवनपर्यंत गरीबों की निस्वार्थ मदद करते रहे। जिप सदस्य व जिलाध्यक्ष,आजसू संजय कुमार महतो ने कहा,स्व. महतो का जीवन निस्वार्थ समाज सेवा का प्रतीक था। उनके पदचिह्नों पर चलकर ही समाज में समरसता और भाइचारे को आगे बढ़ाया जा सकता है। कांके प्रमुख व ग्रामीण जिलाध्यक्ष,कांग्रेस सोमनाथ मुंडा ने कहा,उनका सौहार्दपूर्ण व्यक्तित्व और जनता से आत्मीय लगाव हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेगा। मनन विद्या के अध्यक्ष मनरखन महतो ने कहा,अथाह संपत्ति के बावजूद सादगी से रहना और जनसेवा को प्राथमिकता देना ही उनकी वास्तविक पहचान थी। वरिष्ठ समाजसेवी हाजी सफीरूद्दीन अंसारी ने कहा,उन्होंने अपने जीवनकाल में आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की नींव को मजबूत करने का ऐतिहासिक कार्य किया। समारोह में मुख्य रूप से नारायण महतो,हाजी महबूब,राजेश महतो,जनक महतो,हाजी इस्लाम,अशोक महतो,समीम आलम,श्रवण करमाली,लक्ष्मण महतो,नफीज अंसारी,चंदन कुमार तथा स्थानीय मुखिया सहित क्षेत्र के गणमान्य एवं ग्रामीण मौजूद थे।
