महिलाओं के लिए बनेगा चेंजिंग रूम व ओपन जिम
NUTAN
लोहरदगा: नगर परिषद लोहरदगा के अध्यक्ष अनिल उरांव, कार्यपालक पदाधिकारी मुक्ति किड़ो, सहायक अभियंता सचिन कुमार तथा संबंधित वार्डों के पार्षदों ने संयुक्त रूप से शहरी क्षेत्र स्थित ठाकुराइन तालाब के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वार्ड संख्या 16 के पार्षद किशुन महतो, वार्ड संख्या 17 की पार्षद अंजली कुमारी एवं वार्ड संख्या 18 की पार्षद संगीता कुमारी हनुमान मंदिर समिति अध्यक्ष सुमित राय (डब्लू), सचिव राजेश अग्रवाल एवं अन्य लोग उपस्थित रहे । परियोजना के तहत ठाकुराइन तालाब का जीर्णोद्धार, घाटों का विकास, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम का निर्माण, डेकोरेटिव लाइटिंग, ओपन जिम की स्थापना, पार्क का नवीनीकरण, शौचालय की मरम्मत तथा मंदिर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे परिसर को आकर्षक और सुविधाजनक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि ठाकुराइन तालाब शहर की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहर है। नगर परिषद शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं, महिलाओं, बच्चों एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही यह स्थल शहर के सौंदर्य और पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
कार्यपालक पदाधिकारी मुक्ति किड़ो ने कहा कि नगर परिषद द्वारा विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि शहरवासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। मौके पर उपस्थित वार्ड पार्षदों ने कहा कि लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग थी कि ठाकुराइन तालाब परिसर का समुचित विकास हो। अब इस कार्य के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह परियोजना शहर के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। स्थानीय नागरिकों ने भी नगर परिषद की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ठाकुराइन तालाब के विकसित होने से न केवल इसकी सुंदरता बढ़ेगी बल्कि लोगों को मनोरंजन, स्वास्थ्य और धार्मिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण भी उपलब्ध होगा।
