AMIT RANJAN
सिमडेगा: छात्र आंदोलन के बाद राज्य सरकार द्वारा जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा और टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा का असर सिमडेगा में हाल के दिनों में नियुक्त हुए 21 अधिकारियों पर भी पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार,सिमडेगा जिले में हाल के दिनों में जेएसएससी-सीजीएल एवं टीडीपीएल द्वारा आयोजित परीक्षाओं के परिणाम के आधार पर आठ प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी,पांच प्रखंड कल्याण पदाधिकारी और आठ अंचल निरीक्षक/कानूनगो की नियुक्ति हुई थी। इन नियुक्तियों के बाद संबंधित अधिकारी अपने-अपने पदों पर कार्यरत थे। अब राज्य सरकार द्वारा संबंधित परीक्षाओं को रद्द किए जाने की घोषणा के बाद इन नवनियुक्त अधिकारियों की नियुक्ति को लेकर भी स्थिति प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। हालांकि,इन अधिकारियों की नियुक्ति पर अंतिम रूप से क्या कार्रवाई होगी और उनकी सेवा की स्थिति क्या रहेगी,यह सरकार के आगामी निर्णय एवं संबंधित विभागों के आदेश के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। परीक्षाओं को रद्द किए जाने के फैसले से जहां अभ्यर्थियों के बीच फिर से असमंजस की स्थिति उत्पन्न हुई है,वहीं परीक्षा के परिणाम के आधार पर नियुक्त होकर सरकारी सेवा में योगदान दे चुके अधिकारियों के भविष्य को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सिमडेगा में 21 अधिकारियों के प्रभावित होने की जानकारी के बाद अब इन अधिकारियों के साथ-साथ जिले के प्रशासनिक महकमे की नजर भी सरकार के अगले आदेश पर टिकी हुई है। नियुक्त अधिकारियों की सेवा को लेकर सरकार द्वारा क्या निर्णय लिया जाता है,यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।
