अपराध नियंत्रण को लेकर दिए कड़े निर्देश
AMIT RANJAN
सिमडेगा: जिले में विधि-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर पुलिस अधीक्षक, सिमडेगा ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित कांडों के गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के उपयोग तथा 60/90 दिनों के भीतर मामलों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।
एसपी ने चोरी एवं अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए नियमित गश्ती, रात्रि चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच तथा ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मालखाना एवं लावारिस/जब्त वाहनों के समयबद्ध निष्पादन, लंबित केस डायरी को CPMS पर अपलोड करने तथा स्थायी वारंटों के निष्पादन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित डाटा की शत-प्रतिशत e-DAR प्रविष्टि, चोरी या खोए मोबाइल की बरामदगी के लिए CEIR पोर्टल के प्रभावी उपयोग तथा e-Sakshya के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
‘मोर पुलिस मोय पुलिस’ अभियान के तहत जनजागरूकता पर जोर
एसपी ने मानव तस्करी, साइबर अपराध, डायन प्रथा, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और सर्पदंश से बचाव को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा आदतन अपराधियों पर निगरानी, CCA एवं निगरानी प्रस्तावों की समीक्षा, इंटरोगेशन रिपोर्ट तैयार करने तथा सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। न्यायालय से प्राप्त वारंट, समन एवं अन्य न्यायालयीय आदेशों के समयबद्ध निष्पादन तथा कोर्ट नोडल पदाधिकारियों द्वारा नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश भी एसपी ने दिया। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमडेगा, वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मु.), पुलिस निरीक्षक सिमडेगा/कुरडेग अंचल सहित जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारी तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कुछ पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।
