SUNIL KUMAR
तीनपहाड़: साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र में देर रात ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की कार्रवाई से पशु तस्करी का मामला सामने आया है। बाबूपुर रेलवे फाटक के पास रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच स्थानीय ग्रामीणों ने गुप्त सूचना के आधार पर पशुओं से लदी पिकअप गाड़ी WB93D8896 को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने गाड़ी से 10 गोवंशीय पशु और एक बछड़ा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया।
तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव कुमार भगत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। इस संबंध में कांड संख्या 47/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पशुओं को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि पशुओं से लदी गाड़ियां कथित रूप से अक्सर इसी रास्ते से गुजरती हैं। ग्रामीणों के अनुसार, रात के समय इस मार्ग से पशु तस्करी की गतिविधियां चलने की आशंका बनी रहती है। पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अब जांच के बाद ही पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।
