हथियार और 4 चोरी की बाइक संग शातिर अपराधी गिरफ्तार

Crime Ek Sandesh Live

अशोक अनन्त


​सिमरिया(चतरा): पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ जारी विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी अनिमेष नैथानी ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कासितातू गांव में चोरी की गाड़ियां छिपाकर रखी गई हैं। सूचना का सत्यापन होते ही सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसमें सिमरिया थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
​टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कासितातू गांव में छापेमारी कर जेठू गंझू के पुत्र मुकेश गंझू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक अवैध भरठिया बंदूक और 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस की कड़ी पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी के तार लातेहार और रांची जिले के वाहन चोर गिरोह से जुड़े हैं। यह गिरोह विभिन्न इलाकों से बाइक चोरी कर उन्हें पड़ोसी राज्य बिहार में खपाने की फिराक में था। पुलिस फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और अब तक बेचे गए वाहनों का सुराग लगाने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

Spread the love