डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची के पर्यावरण विज्ञान विभाग द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान संपन्न
Eksandeshlive Desk
रांची: विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ राजीव मनोहर के दिशा निर्देशन में विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग के द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन परिसर में किया गया । विशिष्ट अतिथि के तौर पर कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने सर्वप्रथम पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि, आज के संदर्भ में वृक्षारोपण पर्यावरण और जीवन के लिए अत्यावश्यक हो चला है। अगर इसके तीन अति महत्वपूर्ण उद्देश्यों को इंगित किया जाए तो यह है, प्राणवायु देना, प्रदूषण कम करना और मिट्टी के कटाव को रोकना। उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है और गत दो माह में विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों, अतिथि गृह, नए अकादमिक परिसर और अन्य कई विभागों के समक्ष विद्यार्थियों और शिक्षकों के द्वारा लगातार वृक्षारोपण किए जा रहे है। आज का यह कार्यक्रम भी उसी की एक कड़ी है। हमारा यह लक्ष्य है कि वर्षांत 2026, तक लगभग 500 वृक्षों को विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर रोपित किया जाए, ताकि हम अपने विश्वविद्यालय और उसके आसपास के क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण को सुनिश्चित कर सकें।
इसके पश्चात बॉटनी विभाग के डॉ. ईश्वरी प्रसाद गुप्ता समेत पर्यावरण विज्ञान विभाग की समन्वयक डॉ. रश्मि मिश्रा ने भी पौधारोपण कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया।
आज के इस अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में कुल 50 पौधे लगाए गए। विभाग के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया। मौके पर विशेष रूप से FYUGP के नवप्रवेशित सेमेस्टर के विद्यार्थियों को उनके द्वारा लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई, ताकि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रहे, बल्कि पौधों का दीर्घकालीन संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में पर्यावरण विज्ञान विभाग के डॉ. देबू मुखर्जी, डॉ. अमृता लाल, डॉ. संदीप प्रसाद एवं डॉ. अनुशील आनंद सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से विभाग ने “पौधा लगाएं, उसकी जिम्मेदारी निभाएं और परिसर को हरा-भरा बनाएं” का संदेश दिया। यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।
